राजस्थान से आज पूरे देश के किसानों के खाते में 1200 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम भेजा जाएगा

0

झुंझुनूं में 11 अगस्त को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत एक बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें क्लेम का पैसा बांटा जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री शिवराज चौहान करीब 27 लाख किसानों के खाते में डीबीटी के जरिए 1200 करोड़ रुपये का बीमा क्ले ट्रांसफर करेंगे।

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार, 11 अगस्त को सरकार की तरफ से एक बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। झुंझुनूं हवाई पट्टी पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम वितरण का बड़ा आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के लगभग 27 लाख किसानों के खाते में 1200 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री शिवराज चौहान इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शर्मा और मंत्री चौहान झुंझुनूं हवाई पट्टी पर होने वाली सभा में ऑनलाइन तरीके से यह पैसा ट्रांसफर करेंगे। इस कार्यक्रम में कुछ लोगों को योजनाओं के फायदे के चेक भी दिए जाएंगे।

कौन-कौन होगा शामिल

यह पहली बार होगा जब झुंझुनूं से पूरे देश के किसानों को एक साथ मदद मिलेगी। सोमवार को होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रविवार को सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर, भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, पूर्व सांसद नरेन्द्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि और मुख्यमंत्री के सचिव संदेश नायक, कृषि विभाग के राजन विशाल, कृषि आयुक्त चिन्मयी गोपाल, कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, एसपी ब्रजेश उपाध्याय ने हवाई पट्टी पर कार्यक्रम की जगह का जायजा लिया। उन्होंने वीआईपी एंट्री, लोगों के लिए एंट्री गेट, पार्किंग, स्टेज, छांव, पानी और सुरक्षा का इंतजाम देखा।

सरकारी दावा: किसानों के लिए बड़ी राहत

27 लाख किसानों को फायदा होगा। 1200 करोड़ रुपये सीधे दिए जाएंगे। रबी 2024-25 और खरीफ 2024 की पहली किस्त मिलेगी। झुंझुनूं जिले के 17 हजार किसान भी इसमें शामिल हैं। प्रदेश में इस योजना के तहत सरकार ने अब तक 148 लाख किसानों को 3,912.53 करोड़ रुपये का क्लेम दिया है।

यह कार्यक्रम क्यों है खास

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को कुदरती आपदा या खराब मौसम में फसल खराब होने पर मुआवजा देती है। पिछले साल खरीफ में सूखे और रबी में पाले से प्रदेश के हजारों किसानों को बहुत नुकसान हुआ था। लंबे इंतजार के बाद अब उन्हें यह पैसा मिल रहा है, जिससे उन्हें कर्ज चुकाने और अगली फसल बोने में काफी मदद मिलेगी।

बाजौर ने संभाली कमान, 30 हजार लोगों को जुटाने का टारगेट

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के 11 अगस्त को होने वाले दौरे को लेकर भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है। सर्किट हाउस में हुई मीटिंग में प्रेमसिंह बाजौर ने कहा कि झुंझुनूं जिले से 30 हजार लोग इस सभा में आएंगे। मीटिंग में पूर्व मंत्री सुभाष महरिया, जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी, पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़, विधायक राजेंद्र भांबू और धर्मपाल गुर्जर जैसे कई भाजपा नेता मौजूद थे।


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top